लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर घर लौटने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को मथुरा जंक्शन पर झारखंड और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी। खासकर सामान्य श्रेणी के कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही थी। त्योहार पर अपने घर पहुंचने की जल्दबाजी में यात्री सामान लेकर कोच में चढ़ने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए। शनिवार को छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना का पर्व मनाया जा रहा है। इसके बाद 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे, जबकि 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय पर्व का समापन होगा। इसी वजह से पूर्वांचल, बिहार और झारखंड की ओर जाने वाले यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई है। मथुरा जंक्शन से होकर झारखंड के विभिन्न शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में कलिंग उत्कल एक्सप्रेस (18478), आगरा कैंट-कोलकाता एक्सप्रेस (13168) और ग्वालियर-कोलकाता सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12320) प्रमुख हैं। इन ट्रेनों में त्योहार के चलते यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। सामान्य कोच में सीट पाने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्टेशन के प्लेटफार्मों पर परिवार और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले लोग नजर आए। यात्रियों का कहना था कि छठ पर्व पर परिवार के साथ पूजा करने के लिए घर पहुंचना जरूरी है। ऐसे में भीड़ के बावजूद यात्रा करनी पड़ रही है। भीड़ की अधिकता को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी के जवान यात्रियों को सुरक्षित यात्रा करने में जुटे हुए।