मथुरा। सीएई क्रिकेट अकादमी मथुरा के मैदान पर गुरुवार को सीएई सुपर किंग्स और सीएई चैंपियंस के बीच खेले गए 50 ओवर के मुकाबले में सीएई चैंपियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट से जीत दर्ज की। टीम की जीत के नायक ध्रुव द्विवेदी रहे, जिन्होंने पहले गेंदबाजी में पांच विकेट चटकाकर सुपर किंग्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ी और फिर बल्लेबाजी में नाबाद 28 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उनके इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टॉस जीतकर सीएई चैंपियंस ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएई सुपर किंग्स की टीम ध्रुव द्विवेदी की घातक गेंदबाजी के सामने 31.1 ओवर में 137 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सुपर किंग्स की ओर से कार्तिक कौशिक ने 23 गेंदों पर 25 रन की पारी खेली। हर्षिता चौधरी, प्रियांशु वर्मा और कृष्णा गर्ग ने 13-13 रन बनाए। सीएई चैंपियंस की ओर से ध्रुव द्विवेदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7.1 ओवर में 21 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। यश पाल ने 3 विकेट और विवेक सिंह ने 2 विकेट झटके। 138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएई चैंपियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। हालांकि मध्यक्रम में मयंक शर्मा ने 32 गेंदों पर 36 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला। ध्रुव द्विवेदी ने अंत तक क्रीज पर टिककर 26 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से नाबाद 28 रन बनाए। आरव चौधरी ने भी 12 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। याशी उपाध्याय ने 10 रन बनाये । सीएई चैंपियंस ने 34 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाकर मुकाबला 3 विकेट से अपने नाम कर लिया। गेंदबाजी में सीएई सुपर किंग्स की ओर से यश सरस्वत ने 2 विकेट हासिल किए। हर्षित चौधरी, गोविंद और कविता सरस्वत ने 1-1 विकेट लिया। इसके अलावा एकांश शर्मा, कार्तिक कौशिक और केरण सिंह (कान्हा) ने भी गेंदबाजी की।