मथुरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की पेंचक सिलाट चयन प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आगरा के बैकुंठ देवी कन्या महाविद्यालय में हुए ट्रायल में जिले के छह खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर विवि की टीम में अपना स्थान पक्का किया। प्रतियोगिता के आर्टिस्टिक और टांडिंग वर्ग में मथुरा के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। आर्टिस्टिक वर्ग के बालिका वर्ग में तुंगल इवेंट में विनीता और बालक वर्ग में सोलो इवेंट में संतोष सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं टैंडिंग वर्ग के बालिका वर्ग में अंडर-55 किलोग्राम भारवर्ग में तुलसी राजोरिया और ओपन-1 भारवर्ग में अदिति गौर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बालक वर्ग के अंडर-85 किलोग्राम भारवर्ग में ऋषि शर्मा और अंडर-55 किलोग्राम भारवर्ग में रोहित ने स्वर्ण पदक जीता। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पेंचक सिलाट एसोसिएशन जिलाध्यक्ष डॉ. मंजू दलाल, महासचिव सुमित गौतम, उपाध्यक्ष कामना शर्मा और सदस्य पुष्पेंद्र राजपूत ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।