मथुरा। जब से भाजपा सरकार आई है, जनता से केवल झूठे वादे किए गए हैं। समाजवादी पार्टी की महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यमुना जी में गिरते नाले कब बंद होंगे और जलभराव, सीवर लाइन, ट्रैफिक जाम व अतिक्रमण का समाधान कब होगा। युवाओं को रोजगार, किसानों की दोगुनी आय, महंगाई से राहत और सभी को शुद्ध पेयजल कब मिलेगा। ऋतु गोयल ने वर्ष 2012 से 2017 के दौरान सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, मेट्रो, 1090 व 100 नंबर सेवा, लैपटॉप वितरण, समाजवादी पेंशन, गोमती रिवर फ्रंट, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और कामधेनु योजना का उल्लेख किया। मथुरा जिले में हुए गोवर्धन परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण, गोवर्धन बाईपास, वृंदावन मल्टी-स्टोरी पार्किंग, मांट (400 केवी) व छाता (220 केवी) बिजली घर और बरसाना रोपवे जैसे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने आह्वान किया कि 2027 में जुमलेबाज सरकार को हटाकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।