दीपावली पर रामलीला मैदान में लगने वाली आतिशबाजी की दुकानों को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की चर्चा से नाराज दुकानदारों ने बुधवार को रामलीला मैदान में प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने कहा कि यदि उन्हें रामलीला मैदान में दुकानें लगाने की अनुमति नहीं दी गई तो वे आतिशबाजी की दुकानें नहीं लगाएंगे और इसका बहिष्कार करेंगे। दुकानदार मनु पाण्डेय ने बताया कि रामलीला मैदान में पिछले 20 से 22 वर्षों से आतिशबाजी की दुकानें लगती आ रही हैं l यहां पर उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई लेकिन इस बार दुकानों को जैन इंटर कॉलेज के मैदान में स्थानांतरित किए जाने की चर्चा है। इससे दुकानदारों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि दुकानदार लंबे समय से रामलीला मैदान में दुकानें लगाते आ रहे हैं। ऐसे में स्थान बदलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दुकानदारों ने मांग की कि उन्हें पूर्व की तरह रामलीला मैदान में ही दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अनुमति नहीं मिली तो सभी दुकानदार एकजुट होकर आतिशबाजी की दुकानें नहीं लगाएंगे। इस दौरान प्रवेश कुमार, पंकज, अनुज, राकेश, विवेक गुप्ता, शिवम, जीतू, विमल और हृदेश मौजूद रहे।