लखीमपुर खीरी जिले में मंगलवार दोपहर काले बादल छा गए और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इससे पहले सोमवार को पूरे दिन जोरदार बारिश हुई थी। रात में बारिश नहीं हुई, लेकिन मंगलवार दोपहर फिर अचानक तेज बारिश शुरू होने से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। शहर की शिव कॉलोनी, बलदेव नगर कॉलोनी, हिदायत नगर, गंगोत्री नगर कॉलोनी और आवास विकास कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में पानी भर गया। जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश का पानी शहर की खीरी रोड, रोडवेज बस स्टेशन रोड और राजापुर चौराहे पर भी भर गया। इन स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। लगातार बारिश का असर नदियों के जलस्तर पर भी पड़ रहा है। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।