लखीमपुर खीरी के धौरहरा क्षेत्र के सिसैया खुर्द कांड में पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अधिवक्ता महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार करने की मांग की। बार कौंसिल उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो महासंघ की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के निलंबन से प्रथम दृष्टया उनकी संलिप्तता सामने आती है। इसके बावजूद उन्हें केवल लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए ग्रामीणों के घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की। अधिवक्ता महासंघ के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सूर्यवंशी ने कहा कि निर्दोष नागरिकों के दमन को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोषी पुलिसकर्मियों को अविलंब गिरफ्तार नहीं किया गया तो महासंघ व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगा।