रक्षाबंधन पर्व मनाने के बाद बहनों का घरों को लौटने का सिलसिला जारी है। रविवार को रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ रही। बस स्टैंड पर सुबह से ही यात्रियों की आवाजाही रही। सबसे अधिक दबाव बरेली, दिल्ली, आगरा और मथुरा मार्ग की बसों में देखने को मिला। बस में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच होड़ जैसी स्थिति रही। कई यात्रियों को सीट घेरने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी, जबकि कुछ लोग खड़े होकर सफर करने को मजबूर हुए। प्रभारी एआरएम नीरज कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने से बसों में भीड़ अधिक रही। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए उपलब्ध बसों के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जरूरत के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाकर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।