कासगंज। रोडवेज बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की। प्रभारी एआरएम नीरज कुमार के नेतृत्व में रोडवेज बस स्टैंड के सामने सड़क पर बसें खड़ी करके सवारियां भरने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क को बाधित करने वाली 1 बस को पुलिस लाइन में खड़ा कराया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 बस चालकों के चालान किए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों में खलबली मच गई है। डीएम ने दिए थे कार्रवाई के निर्देश डीएम प्रणय सिंह ने बीते दिनों रोडवेज बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान तीन बसों को रोड पर सवारियां भरते पकड़ा था। डीएम ने बसों के रोड पर खड़े होने से जाम लगने पर नाराजगी जताई थी। साथ ही सड़क पर सवारियां भरने वाली बसों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सड़क पर सवारियां भरने पर लगाई गई थी रोक रोडवेज की अनुबंधित बसें सड़क पर सवारियां भरती हैं, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। डीएम के निर्देश के बाद प्रभारी एआरएम ने सड़क पर सवारियां भरने पर रोक लगा दी थी। इस संबंध में आसपास के जिलों के डिपो को पत्र भी लिखा गया था। इसके बावजूद रोड पर सवारियां भरने का सिलसिला जारी था। इसे देखते हुए शुक्रवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।