गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के अखलाख नगर में मुंबई के कारोबारी के घर दो दिन पहले खिड़की की जाली काटकर घुसे चोरों ने लाखों रुपये कीमत के जेवर व लाइसेंसी बंदूक चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर चोरी के जेवर व बंदूक बरामद कर दो शातिर चोर व उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया। एसपी जयप्रकाश सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि अखलाख नगर निवासी चांदबीबी के पति मुबीनजुम्मा मुंबई में सैडलरी कारोबारी है। वह यहां अकेले रहती हैं। 23 सितंबर की शाम वह सात बजे घर में ताला लगाकर कानपुर मोतीनगर निवासी अपने रिश्तेदार के घर चली गई थी। अगले दिन सुबह घर लौटी तो घर में सामान बिखरा था। अलमारी में रखे लाखों के जेवर व लाइसेंसी बंदूक गायब थी। पीछे के कमरे में खिड़की की जाली कटी मिली थी। तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर गंगाघाट कोतवाली की पुलिस खुलासे में जुटी थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर जाजमऊ चंदनघाट के पास से अखलाख नगर निवासी गुलफाम व अरबाज को पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर घाट के निकट ही रहने वाले एक किशोर के घर से माल की बरामदगी की गई। पुलिस ने बालअपचारी को भी चोरी के मामले में शामिल किया है। करीब दो लाख से अधिक कीमत के जेवर और लाइसेंसी बंदूक को बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि चोरी का खुलासा करने वाली गंगाघाट कोतवाली पुलिस को 15 हजार रुपये इनाम देेने की घोषणा की गई है। उधर, जाजमऊ पुलिस चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि गुलफाम पर कानपुर नगर के अलग-अलग थानों में पांच से अधिक गंभीर मामले दर्ज है। पीड़िता का पति मुंबई में सैडलरी कारोबारी है।