नगर के दो स्थानों पर लगने वाले जाम से लोग परेशान है लेकिन जिला प्रशासन की ओर से सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। जाम के प्रमुख कारणों पर गौर नहीं किया जा रहा है ऐसे में शनिवार सुबह पुल मार्ग तो दोपहर सरैया मार्ग पर जाम रहने से राहगीर परेशान रहे। इस कारण वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। जाम को किसी तरह से पुलिस ने खुलवाया। शनिवार सुबह 10.30 से 11.30 बजे के बीच नवीन गंगापुल मोड़ मार्ग पर जाम रहा क्योंकि मोड़ पर अतिक्रमण होने के साथ ही मार्ग सकरा हो गया है, जबकि मोड़ से कुछ दूरी पर स्थित पोनी तिराहे पर अवैध टेंपों-आटो अड्डा संचालित है जिससे बेतरतीब ढंग से वाहन यहां खड़े होते है और जाम का कारण बनते है। रही सही कसर रोक के बावजूद पुल मार्ग पर घुसने वाले भारी वाहन पूरी कर देते है। मौके पर रही पुलिस ने किसी तरह से जाम खुलवाया जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर दोपहर 12.30 से 1.30 बजे के बीच जाम रहा यहां भी मार्ग सकरा है और दिन हो रात भारी वाहनों का लोड रहने से जाम लगता है। जबकि इस मार्ग पर भी भारी वाहनों पर रोक है हलांकि रोडवेज बसों को जाने की अनुमति दी गई है। मौके पर रहे पीआरडी जवानों ने जाम खुलवाया।