चमनगंज थाना क्षेत्र के भन्नानापुरवा में पुलिस पिकेट के पास मंगलवार दोपहर किराना व्यापारी की कार से स्कूटी सवार ने बैग पार कर दिया गया। बैग में 90 हजार रुपये रखे थे। कानपुर देहात के शिवली निवासी अंकित कुमार गुप्ता सत्यम किराना स्टोर के मालिक हैं। उन्होंने दी तहरीर में बताया कि किसी काम से भन्नानापुरवा आए थे। यहां उनकी कार करीब 03.15 बजे पंचर हो गई। इस पर वह सड़क किनारे पंचर बनवा रहे थे। तभी स्कूटी सवार दो युवक आए और कार में रखा बैग लेकर भाग गए। वारदात के बाद व्यापारी ने शोर मचाया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता के नेतृत्व में कई व्यापारी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की। एसीपी सीसामऊ आनंद ओझा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की तीन टीमें आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।