साढ़ - सजेती थाना क्षेत्र में पखवाड़े भर में बिजली लाइन के तार चोरी की तीन घटनाओं के बाद सोमवार तड़के भीतरगांव इलाके में पुलिस की तार चोर गिरोह से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी खेतों की आड़ लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार हेतु अस्पताल भेजा है। एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव ने बताया सोमवार तड़के साढ़ थाने की पुलिस भीतरगांव इलाके के निबिया गांव की ओर पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान कंठीपुर की तरफ से एक वाहन आता दिखाई दिया। चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार दो लोग पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा व पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाएं पैर में गोली लग गई। दूसरा खेतों की आड़ लेकर भाग निकला। पुलिस ने खेतों में कांबिंग की, लेकिन उसका पता नहीं चला। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान साढ़ थाना क्षेत्र के भेल्सा गांव निवासी पवन कुमार पुत्र राम सजीवन के रूप में हुई है। उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ लूट, डकैती, चोरी और तार चोरी समेत करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से छूटा था। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने कैथा गांव में तार चोरी की दो और निबिया गांव में एक वारदात को अंजाम दे चुका था। फिर तार कटिंग की घटना को अंजाम देने की फिराक था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं।