चकेरी के पोखरपुर स्थित कारखाने से तीन दिन पूर्व चोरी हुए 15 किलो चांदी के पाउडर को पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े अमेठी निवासी मराठी भाई की सजगता से बरामद कर लिया। वहीं, चोरी के आरोप में अमेठी निवासी दिहाड़ी मजदूरी करने वाले पिता बसंतलाल-पुत्र विकास यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि पीड़ित व्यापारी नितिन तुपे मराठी हैं। उन्होंने अपनी बिरादरी का एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बना रखा है। उस ग्रुप में उन्होंने कारखाने में चोरी गए 15 किलो चांदी के पाउडर की सूचना साझा की थी। पिता-पुत्र ने चोरी के पाउडर को बेचने के लिए एक दलाल के माध्यम से अमेठी में जिस व्यापारी से संपर्क किया वह भी मराठी हैं और उसी व्हाट्सएप ग्रुप से भी जुड़े हैं। जब अमेठी के मराठी भाई ने ग्रुप पर यह सूचना देखी तो उन्होंने पुलिस को बताया। इसके बाद दोनों आरोपी पिता-पुत्र को चकेरी पुलिस ने बुधवार को रामादेवी स्थित फ्लाईओवर से पकड़ लिया गया। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पिता-पुत्र अमेठी मोहनगंज के पूरे अजिया निवासी हैं। दोनों ही रामादेवी चौराहे से दिहाड़ी मजदूरी करने जाते हैं। आरोपी विकास ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि छह माह पूर्व वह नितिन के कारखाने में केमिकल के डिब्बे चढ़ाता था। उसे छत से कारखाने में प्रवेश करने का रास्ता मालूम था। फिलहाल वह और उसका भाई दोनों नितिन के कारखाने के पास ही स्थित गुड्डू के कारखाने में कर रहे थे। उसे पता था कि नितिन के कारखाने में चांदी का पाउडर मिलेगा लेकिन वहां लगे सीसीकैमरों की जानकारी नहीं थी। वह छत के रास्ते घुसा था और फिर भीतर से कुंडी बंदकर छत से ही बाहर निकल गया था। बाहर पिता बसंतलाल पहरेदारी कर रहा था। एडीसीपी शिवा सिंह के मुताबिक चोरी की चांदी बिकवाने का प्रयास कराने वाले दलाल शिवलाल सोनी की तलाश की जा रही है।