कानपुर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच शुरू हुई नियमित ट्रेन को सोमवार दोपहर करीब 3:15 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना किया गया। दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर वर्चुअल उद्घाटन किया। वहीं, कानपुर सेंट्रल पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खास बात यह रही कि सांसद रमेश अवस्थी खुद भी नई ट्रेन में सवार होकर फफूंद तक गए। नई ट्रेन के शुरू होने को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह नजर आया। ट्रेन में सफर करने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे। नियमित सेवा शुरू होने से कानपुर और दिल्ली के बीच रेल यात्रियों को आवागमन का एक और विकल्प मिल गया है।