कानपुर में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण कटरी क्षेत्र में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 16 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया है, जिससे चैनपुरवा, धारमखेड़ा और लुधवाखेड़ा समेत करीब एक दर्जन गांवों के बाहरी हिस्सों में पानी घुसने लगा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और राहत-बचाव विभागों को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है तथा संवेदनशील इलाकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।