विष्णुपुरी स्थित सेठ मोतीलाल खेड़िया विद्यालय में सोमवार को जनपदीय विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग की कुल 35 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं। खिलाड़ियों ने दमदार रेड, शानदार डिफेंस और बेहतर तालमेल से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सब-जूनियर बालक वर्ग में मेजबान सेठ मोतीलाल खेड़िया की टीम ने जीत दर्ज की। बालिका वर्ग में रतनलाल खत्री की टीम विजेता रही, जबकि बालिका अंडर-14 वर्ग में कंपोजिट विद्यालय आलियापुर ने मुकाबला अपने नाम किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और खेल शिक्षकों में भी खासा उत्साह रहा।