कई दिन से लगातार हो रही बारिश से कानपुर-इटावा हाईवे में सिकंदरा के पास साकिन बुजुर्ग में बने ओवर ब्रिज की सड़क शनिवार शाम पांच बजे के करीब धंस गई। करीब 100 मीटर लंबाई में छह इंच चौड़ी दरार आ गई। इसके बाद ओवर ब्रिज से इटावा की ओर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। सर्विस लेन से वाहन निकाले जा रहे हैं। सिकंदरा में साकिन बुजुर्ग के पास छह लेन ओवर ब्रिज है। बृहस्पतिवार से लगातार हो रही बारिश से शनिवार शाम को इटावा लेन में हाईवे पुल पर दूसरी व तीसरी लेन के बीच जोड़ की सड़क धंस गई। इसकी जानकारी पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पाया कि करीब 100 मीटर लंबाई में छह इंच चौड़ी दरार हो गई है। इसके बाद उच्चाधिकारियों को जानकारी दिए जाने के साथ ही पुल पर इटावा की ओर वाहनों को आने से रोक दिया गया। पहले से पुल पर आए वाहनों को वापस करने के दौरान जाम लग गया। करीब एक घंटे बाद वाहनों को पुल से वापस कर सर्विस लेन से गुजारा गया। पुल पर वाहन न चढ़े इसके लिए बैरिकेडिंग की गई है। जानकारों का कहना बारिश लगातार हो रही है ऐसे में दरार बढ़ सकती है। माल वाहक वाहनों की आवाजाही के दौरान यदि सड़क अधिक धंसी तो वाहन पलटने या फिर अनियंत्रित होकर पुल से गिरने की आशंका भी है।