घंटाघर चौराहे पर ई-रिक्शा, ऑटो और विक्रम के बेतरतीब खड़े होने से सोमवार को यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। सवारी बैठाने और उतारने के लिए चालक सड़क पर ही वाहन रोक देते हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई घटने पर जाम लग रहा है। कानपुर सेंट्रल के नजदीक होने से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। खास बात यह है कि चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात होने के बावजूद वाहनों का जमावड़ा बना रहता है। हाल में यातायात पुलिस ने प्रमुख चौराहों से कम से कम 100 मीटर दूर सवारी बैठाने-उतारने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद घंटाघर में निर्देशों का पालन न होने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।