छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में गर्ल्स हॉस्टल में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण, ब्रेस्ट कैंसर से बचाव, प्रारंभिक पहचान और समय पर उपचार के प्रति छात्राओं को जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय की डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो.अंशु यादव उपस्थित रहीं। विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में एसपीएम अस्पताल की डॉ. वंदना शर्मा तथा जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की डॉ. पाविका लाल और डॉ. गरिमा गुप्ता ने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। डॉ.पाविका लाल ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए समय पर एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में बताया। ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए स्तन में होने वाले असामान्य बदलावों के प्रति सतर्क रहने, स्वयं जांच के महत्व को समझने तथा किसी भी असामान्य लक्षण की स्थिति में चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी।