लाजपत भवन में शनिवार को सुमिरन संस्था की ओर से आयोजित 17वें राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में कविता के हर रंग ने अपनी छाप छोड़ी। दिवंगत केजी तिवारी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न शहरों से आए कवियों ने देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। दिल्ली की कवयित्री प्रीति त्रिपाठी ने बेटियों के महत्व पर रचना देहरी की आब होती हैं, बेटियां गुलाब होती हैं... सुनाई तो खूब तालियां बजीं। कवि प्रियांशु गजेंद्र ने दिन से क्या घबराना, दिन तो आते-जाते हैं..., डॉ. सरिता शर्मा ने जिनके पास पैसे के सिवा कुछ भी नहीं होता... रचना सुनाई। रीवा से आए अमित शुक्ला ने राम मंदिर और अहिल्या प्रसंग को कल्पनाशील अंदाज में प्रस्तुत किया। ग्वालियर के व्यंग्यकार तेज नारायण शर्मा ने अपनी रचना राजनीतिक मूल्य कुछ ऐसे गिरे, जेबकतरे तक विधायक हो गए... सुनाई तो सभागार ठहाकों से गूंज उठा। ग्वालियर के गीतकार राजकिशोर शर्मा राज ने पीर पर्वत सी पल में पिघल जाएगी, द्वार दिल के जरा खोलकर देख लो... सुनाकर वाह-वाही लूटी। इससे पहले सांसद रमेश अवस्थी ने सम्मेलन का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर रजनेश रहे। संस्था के संयोजक आकर्षण तिवारी एडवोकेट ने अतिथियों और कवियों का स्वागत किया। कवयित्री डॉ. सरिता शर्मा ने अध्यक्षता की और कवि हेमंत पांडेय ने संचालन किया। समापन पर कवि मुरली परिहार ने आभार जताया। सम्मेलन में कवियों ने मनोरंजन के साथ सामाजिक विसंगतियों और सांस्कृतिक मूल्यों को भी स्वर दिया।