सीताराम कॉलोनी स्थित आनंद घाट के पास सोमवार को दोपहर दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान संतुलन बिगड़ने से नाव गंगा नदी में पलट गई। नाव में नाविक उसका सहायक समेत सात लोग सवार थे। सभी लोग गंगा नदी में गिर गए। गनीमत रही कि वहां गहराई कम होने से सभी किसी तरह सकुशल निकल आए। घटना के समय सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं था। घटना स्थल से 100 मीटर की दूरी पर बालू घाट पुलिस चौकी है, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। श्रीनगर मोहल्ले में मां कल्याणी सेवा समिति के तत्वावधान में तीन दिन से श्री नगर महोत्सव का आयोजन हो रहा था। सोमवार को भंडारे के बाद दुर्गा मूर्ति का विसर्जन करने के लिए भक्त गाजे-बाजे के साथ सीताराम कॉलोनी आनंद घाट पहुंचे। मोहल्ले के संदीप सैनी, अंशू पंडित, प्रतीक तिवारी, कन्हैया, अशर्फी लाल व नाविक लईक व उसका सहायक समेत सात लोग नाव से मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे थे। तभी नाव असंतुलित होकर गंगा नदी में पलट गई। गनीमत रही कि जिस जगह नाव पलटी, वहां करीब पांच से छह फीट पानी होना बताया गया। इसकी वजह से सभी का जान बच गई।