हाथरस जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने दाऊजी महाराज मेला पंडाल में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता जिला न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय ने की। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित किया गया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। सचिव अनु चौधरी ने शिविर की रूपरेखा बताई। विभिन्न विभागों ने पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के 600 स्वयं सहायता समूहों को सीआईएफआरएफ स्टार्टअप के अंतर्गत 9.61 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। आयुष्मान कार्ड और कृषि योजनाओं के प्रमाण पत्र भी वितरित हुए।