हापुड़ के ब्रजघाट में गंगा नदी में मंगलवार रात अस्थि विसर्जन के लिए राजस्थान से आए तीन श्रद्धालुओं की जान उस समय सांसत में पड़ गई, जब नाविक की लापरवाही के चलते उनकी नाव श्मशान घाट से आगे गंगा में खराब हो गई। रात के अंधेरे और गंगा के तेज बहाव के बीच नाव फंसने से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को सकुशल गंगा घाट तक पहुंचाया। पुलिस के अनुसार राजस्थान के पिलानी निवासी दीपक, अजय और आकाश मंगलवार रात करीब 11:30 बजे ब्रजघाट पहुंचे थे। तीनों अस्थि विसर्जन के लिए नाव से गंगा में गए थे। नाविक उन्हें श्मशान घाट से आगे अंधेरे क्षेत्र में ले गया, जहां अचानक नाव खराब हो गई। चारों ओर अंधेरा और गंगा का तेज बहाव होने के कारण श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।