मेरठ खंड स्नातक व शिक्षक विधान परिषद चुनाव में दोपहर बाद दो बजे तक मतदान जारी था। इस दौरान शिक्षक विधान परिषद के लिए 52.17 प्रतिशत व स्नातक विधान परिषद के लिए 22.87 प्रतिशत मतदान हुआ। हापुड़ जिले में सभी 14 केंद्रों पर सुबह आठ बजे से चाक चौबंद व्यवस्था के साथ चुनाव शुरू हुआ। मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों की ओर से शिविर लगाए हुए थे। इस दौरान समर्थक अपने अपने पक्ष में वोट की अपील करते नजर आए। चुनाव के दौरान किसी प्रकार के हंगामे या अप्रिय घटना नहीं हुई। डीएम कविता मीना व एसपी मधुबन कुमार ने केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।