गोंडा में इमलिया मिश्र गांव से जुड़ी एक शिकायत की जांच को लेकर जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार का कथित ऑडियो शनिवार को वायरल हो गया। दो मिनट 37 सेकंड के इस ऑडियो में वह जिला पंचायत राज अधिकारी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो वायरल होने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बयान जारी कर माफी मांगी है। इधर, डीपीआरओ के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में सफाई कर्मियों ने विकास भवन में धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक जिला कार्यक्रम अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। मामले को लेकर विकास भवन में कर्मचारियों के बीच नाराजगी बनी हुई है।