दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज छात्रसंघ के नव निर्वाचित उपाध्यक्ष अनंत सिंह के गृह क्षेत्र गोंडा के बेलसर पहुंचने पर रविवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। निजी मैरिज लॉन में हुए कार्यक्रम में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि रहे। शिवाजी कॉलेज की वेबसाइट पर 18 सितंबर को 2026-27 छात्रसंघ चुनाव के निर्वाचित प्रत्याशियों की अधिसूचना भी जारी की गई थी। पूर्व सांसद ने कहा कि दिल्ली की छात्र राजनीति में उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के युवाओं के सामने पहले कई तरह की चुनौतियां थीं। उनके अनुसार, ऐसे माहौल में बेलसर के अनंत सिंह का छात्र राजनीति में यह मुकाम हासिल करना क्षेत्र के लिए उपलब्धि है। उन्होंने युवाओं से राजनीति के साथ स्वास्थ्य और परिवार पर भी ध्यान देने की सलाह दी। एमएलसी अवधेश कुमार सिंह ने अनंत को बधाई देते हुए छात्र राजनीति में संयम और सहिष्णुता बनाए रखने की सलाह दी। अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें पिता और पूर्व सांसद का आशीर्वाद मिला और उनकी जीत पूर्वांचल के विचारों की जीत है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन अजीत सिंह ने किया। अंत में पूर्व सांसद को गदा भेंटकर सम्मानित किया गया।