सेवा संकल्प अभियान के तहत जमानिया स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने नुक्कड़ नाटक का मंचन कर लोगों को निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। संकल्प सेवा का, बदलाव समाज का विषय पर प्रस्तुत नाटक में समाज में बढ़ती उदासीनता और स्वार्थपरता को दर्शाते हुए सच्ची सेवा को सामाजिक बदलाव का आधार बताया गया। नाटक में अंजलि और सत्या ने सूत्रधार, सानिया बानो ने रामू, खुशी यादव ने श्यामू, चंदू ने रमेश और जगरानी ने काकी की भूमिका निभाई। माधुरी, अनु कुमारी और प्रियंका ने सहयोग किया। संयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया। डॉ. अमित कुमार सिंह और सौरभ कुमार सिंह समेत महाविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।