फिरोजाबाद। दिवाली का त्योहार बीतने के बाद शहर के कई एटीएम में नकदी खत्म हो गई है। इससे रुपये निकालने पहुंच रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाई दूज के पर्व के चलते लोगों को नकदी की जरूरत है। वहीं, त्योहार के बाद नौकरी और कामकाज के स्थलों पर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों के सामने भी नकदी का संकट खड़ा हो गया है। दिवाली पर बाजारों में खरीदारी और अन्य जरूरतों के लिए लोगों ने एटीएम से जमकर नकदी निकाली। अब भाई दूज के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने कामकाज के स्थलों पर वापस लौटेंगे। ऐसे में यात्रा और अन्य खर्चों के लिए रुपये निकालने एटीएम पहुंच रहे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। कई लोग एक एटीएम से दूसरे एटीएम के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि त्योहार के बाद घरों से कामकाज के स्थलों पर लौटने के दौरान नकदी की जरूरत अधिक होती है। ऐसे में बैंकों को एटीएम में पर्याप्त कैश उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।