फिरोजाबाद। बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के रहन की मढ़ैया गांव में टिर्री के चार्जर को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दो दर्जन से अधिक लोगों ने एक परिवार के घर पर धावा बोलकर लाठी-डंडे, सरिया और कुल्हाड़ी से मारपीट की। हमले में वृद्धा समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने बाइक, सोने का लॉकेट और 50 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। घायल वृद्धा को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस पर प्राथमिकी दर्ज न करने का आरोप लगाया गया। पीड़िता अशर्फी देवी ने एसएसपी कार्यालय में दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया उनके नाती सचिन का ई- रिक्शा चार्जर एक आरोपी ले गया था। चार्जर वापस मांगने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे दूसरे पक्ष के लोग एकत्र होकर उनके घर पहुंच गए और सचिन, धर्मेंद्र, कुशमा देवी व अशर्फी देवी के साथ लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में अशर्फी देवी के हाथ में गंभीर चोट आई। धर्मेंद्र ने बताया कि वह फिरोजाबाद से सब्जी लेकर घर लौट रहा था। गांव के बाहर दो दर्जन से अधिक लोगों ने उसे घेर लिया और सरिया, रॉड व कुल्हाड़ी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावर उसकी अपाचे बाइक, गले का सोने का लॉकेट और 50 हजार रुपये छीन ले गए। इसके बाद घर पहुंचने पर भी आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। बीच-बचाव करने पहुंचे मौसेरे बंटी और शेर सिंह को भी पीटा गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट की घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मोबाइल में सुरक्षित है। पीड़िता ने थाने में शिकायत करने पर प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और धमकाकर भगा देने का आरोप लगा एसएसपी से शिकायत की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष सिंहराज ने बताया कि परिवार के बीच आपस का विवाद है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।