चहनिया क्षेत्र के ककरहटी गांव स्थित करीब 30 वर्ष पुराने मंदिर में मंगलवार की देर रात बेखौफ चोरों ने धावा बोल दिया। चोर आदिशक्ति मां दुर्गा की प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट और मंदिर में लगे घंटे-घड़ियाल चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को घटना की जानकारी हुई तो मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। धार्मिक स्थल में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।