जीवित्पुत्रिका व्रत के लिए सजाए गए जिले के तालाब और पोखरे पर्व बीतते ही गंदगी से पट गए। पूजा और स्नान के लिए घाटों पर उमड़ी भीड़ के लौटने के दूसरे दिन रविवार को भी अधिकांश जलाशयों की सफाई नहीं कराई गई। इससे घाटों पर पूजा सामग्री, फूल-माला, पत्ते, प्लास्टिक और अन्य कचरा बिखरा पड़ा रहा। कई जगह यह गंदगी पानी तक पहुंच गई। पीडीडीयू नगर के दो प्रमुख जलाशयों दामोदरदास पोखरा और मानसरोवर तालाब की सफाई के लिए नगर पालिका ने चार-चार सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई थी, इसके बावजूद रविवार शाम 5 बजे तक घाटों पर सफाई होती नहीं दिखी।