वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाएगी। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक में एआईसीसी पर्यवेक्षक सीताराम लांबा ने यह बात कही। लांबा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में बदलाव और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच होने तक कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी। विशिष्ट अतिथि पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश त्रिपाठी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने, उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग की। उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की भी वकालत की। बैठक में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा भी हुई। इस दौरान बृजेश गुप्ता, देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना, सरिता पटेल, मधु राय, तरुण पांडेय, रामानंद यादव, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान आदि कार्यकर्ता रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की और संचालन रामानंद यादव ने किया।