बदायूं के दहेमी गांव में एक हमलावर बंदर के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। पिछले बीस दिन से घरों के आंगन तिरपाल से ढके हैं। स्कूलों में बच्चों को कमरों के गेट बंद कर पढ़ाया जा रहा है। स्कूल के शौचालय के बाहर कर्मचारी पहरा देते हैं। बंदर के डर से बच्चों की स्कूल उपस्थिति 70 फीसदी से घटकर 15-20 फीसदी रह गई है। ग्रामीणों ने दो लाख रुपये चंदा जुटाकर बंदर पकड़ने के लिए टीम बुलाई, पर वह पकड़ में नहीं आया है। प्रधानाध्यापक मनी वैश्य और प्रधानाचार्य कंचन पटेल ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्राम प्रशासन से मदद न मिलने पर ग्रामीणों ने खुद ही चंदा जुटाया था। लोगों को आशंका है कि समय रहते उसे नहीं पकड़ा गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।