बदायूं। बगरैन कस्बा में 86वें कृष्ण जन्माष्टमी मेले का शुभारंभ शनिवार को भव्य शोभा यात्रा के साथ हुआ। भाजपा मंडल अध्यक्ष रितेश सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शोभा यात्रा का शुभारंभ किया। शोभा यात्रा रामलीला मैदान, करेंगी रोड, मेन चौराहा होते हुए मेला परिसर में संपन्न हुई। यात्रा में मुरादाबाद का प्रसिद्ध डीजे, काली अखाड़ा, शंकर-पार्वती, नाव में सवार राधा-कृष्ण, शनि देव, शंकर का विराट रूप, बाहुबली हनुमान, गणेश, राम परिवार, खाटू श्याम, नाग-नागिन, भारत माता समेत 21 आकर्षक झांकियां तथा 10 पालकी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।शोभा यात्रा के दौरान कस्बे में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा में भाग लिया और जय श्री कृष्ण के जयकारे लगाए।इसी के साथ आंवला-बिसौली रोड स्थित मंडी परिसर में पांच दिवसीय जन्माष्टमी मेले का शुभारंभ हो गया। मेले में झूले, चाट-पकौड़ी और खिलौनों की दुकानें सज गई हैं। इस मौके पर सुनील सर्राफ, ओमपाल दद्दा, राजीव पाराशरी, महेश गुप्ता, रतनेश सुमन, मुकेश कश्यप, सुनील सुमन समेत कई लोग मौजूद रहे।