बदायूं के सहसवान तहसील क्षेत्र के वीर सहाय नगला गांव में गंगा नदी की कटान ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गंगा अब कटान करते हुए आबादी के नजदीक पहुंच गई है। नदी की धारा लगातार जमीन काट रही है। इससे गांव के एक पक्के मकान पर भी कटान का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कटान इसी तरह जारी रहा तो आने वाले दिनों में आबादी को भी नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन कर बचाव कार्य शुरू कराने की मांग उठाई।
ग्रामीण कुंवरपाल, चरन सिंह, वीरपाल के मुताबिक गंगा नदी का जलस्तर और धारा में बदलाव होने के बाद वीर सहाय नगला की ओर कटान तेजी से बढ़ी है। खेतों की जमीन कटकर नदी में समा रही है। अब गंगा नदी गांव के काफी करीब पहुंच चुकी है। पक्का मकान कटान के मुहाने पर होने से परिवार के लोगों में दहशत है। ग्रामीणों को आशंका है कि कटान नहीं रुका तो मकान को खाली करने की नौबत आ सकती है।
ग्रामीणों ने बाढ़ खंड विभाग पर समय रहते बचाव कार्य नहीं कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कटान की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन विभाग की ओर से स्थायी बचाव के लिए पर्याप्त काम नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर टीम भेजकर कटान की स्थिति का जायजा लेने और तत्काल बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की है।