जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय जोगिया भानपुर में भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर हुए हंगामे के बाद शनिवार को मामला शांत दिखा। विद्यालय में अध्ययनरत छात्र बोले- अधिकारियों के निर्देश के बाद अब भोजन की गुणवत्ता काफी हद तक सुधर गई है। मेन्यू का भी पालन होते दिखने लगा है। बता दें कि बृहस्पतिवार की रात भोजन की खराब गुणवत्ता से नाराज छात्रों ने विद्यालय के मेस में जमकर हंगामा किया था। इसके अगले दिन शुक्रवार को सीडीओ सार्थक अग्रवाल और जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव निरीक्षण करने पहुंचे थे। इन अफसरों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और मेस ठेकेदार को खाने की गुणवत्ता सुधार लाने की हिदायत दी थी। छात्रों का कहना है कि अभी महज एक दिन ही बीता है।