शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भुजिया में रविवार को अचानक गन्ने के खेत में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बंजरिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक करीब नौ बीघा गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी। भुजिया निवासी निसार अहमद ने बताया कि आग से उनकी करीब छह बीघा गन्ने की फसल जल गई। वहीं गांव के सुलेमान की करीब तीन बीघा और ग्राम खमरिया निवासी केंद्र सिंह की गन्ने की फसल भी आग की चपेट में आकर जल गई। आग से तीनों किसानों को काफी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और राजस्व विभाग को घटना की सूचना दे दी है। बंजरिया चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। अभी आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों की तरफ से कोई लिखित प्रार्थना पत्र आएगा तो इस पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी l सी ओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह,