पुलिस लाइन स्थित मैदान में बुधवार को राज्यस्तरीय कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की खो-खो प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें प्रदेश के 18 मंडलों की टीमों की बेटियां हिस्सा ले रही हैं। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह और मुकाबले का रोमांच देखते ही बन रहा है। प्रतियोगिता के जरिये बेटियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनके शारीरिक विकास और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। व्यायाम शिक्षक दिलीप तिवारी ने बताया कि ऐसी प्रतियोगिताओं से छात्राओं का शारीरिक विकास होता है। उनमें अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। प्रदेशभर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। नवरात्र के दौरान आयोजित इस प्रतियोगिता को महिला सशक्तीकरण और मिशन शक्ति की भावना से भी जोड़कर देखा जा रहा है।