कोटवाधाम (बाराबंकी)। देवउठनी एकादशी पर शुक्रवार को सतनाम संप्रदाय के आदि प्रवर्तक समर्थ साहब जगजीवन दास की तपोस्थली कोटवाधाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर में बाबा की आरती के बाद सतनामी पंचकोसी परिक्रमा का आठवां आयोजन शुरू हुआ। इसमें दस हजार से अधिक महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। परिक्रमा शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं ने बाबा की ड्योढ़ी पर माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद हाथों में भगवा ध्वज लेकर श्रद्धालु पंचकोसी परिक्रमा के लिए रवाना हुए। इस दौरान पूरा क्षेत्र 'सतनाम जय, बड़े बाबा की जय' के जयघोष से गूंज उठा। महिला, पुरुष और युवाओं में परिक्रमा को लेकर खासा उत्साह नजर आया। कोटवाधाम से शुरू हुई यह परिक्रमा क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों से होते हुए सरयू नदी के तट और बाबा की जन्मस्थली तक पहुंचेगी। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयघोष करते हुए आस्था के इस सफर में आगे बढ़ते रहे। देवउठनी एकादशी पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में दूर-दराज से पहुंचे अनुयायियों की भागीदारी ने कोटवाधाम की आध्यात्मिक परंपरा और सतनाम संप्रदाय के प्रति श्रद्धा को एक बार फिर प्रदर्शित किया।