बाराबंकी में लोनीकटरा के त्रिलोकपुर गांव में पानी बहने के विवाद में रज्जू उर्फ राजू (50) की पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने चचेरे भाई समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें पवन कुमार, उसकी पत्नी ऊषा, मनोज की पत्नी रेखा और सरजू देवी शामिल हैं। पुलिस मनोज की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर कई चोटों की पुष्टि हुई है। मृत्युपूर्व चोटों के कारण शॉक और अत्यधिक रक्तस्राव से मौत हुई। बृहस्पतिपार रात दरवाजे के सामने पाइप से पानी बहने को लेकर दो चचेरे भाइयों के परिवारों में विवाद हुआ था। आरोप है कि लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से किए गए हमले में राजू की मौत हो गई थी। उनकी पत्नी माया देवी और छोटे भाई जमुना प्रसाद भी घायल हुए थे। खास बात यह रही कि राजू ने दोपहर में लोनीकटरा थाने पहुंचकर मारपीट की शिकायत की थी। रात में घर लौटने के बाद दोबारा हमला हुआ। मृतक की पत्नी माया देवी की तहरीर पर पांचों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राजू के पेट के निचले हिस्से, सीने और गले सहित शरीर के कई हिस्सों पर चोटें मिली हैं। पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पांचवें आरोपी मनोज की तलाश जारी है। सीओ हैदरगढ़ समीर सिंह ने बताया कि पुलिस गांव की निगरानी कर रही है।