बाराबंकी में सरयू नदी की कटान ने अब रामनगर के बाद सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र में तबाही मचानी शुरू कर दी है। रामनगर के हेतमापुर गांव में कटान की रफ्तार कुछ कम हुई तो नदी ने सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के बबुरी और सरदहा घुटरू गांव को निशाना बना लिया। बबुरी में चार और घर नदी में समा गए। इसके साथ ही पूरा गांव नदी की धारा में विलीन हो चुका है। वहीं सरदहा घुटरू में बना उप स्वास्थ्य केंद्र भी कटान की भेंट चढ़ गया। नदी की तेज धार से दोनों गांवों के आसपास लगातार जमीन कट रही है। किसानों की खेतिहर जमीन भी धीरे-धीरे नदी में समा रही है। अपनी आंखों के सामने जमीन को नदी में जाता देख किसान खेतों में खड़ी अधपकी फसल काटकर सुरक्षित करने में जुटे हैं। ग्रामीणों में अब घर और जमीन बचाने को लेकर चिंता बढ़ गई है। बबुरी में चार और घर नदी में समाने के बाद गांव में अब तबाही के निशान ही बचे हैं। वहीं सरदहा घुटरू में सरकारी स्वास्थ्य सुविधा का भवन भी नदी की कटान से नहीं बच सका। ग्रामीणों का कहना है कि नदी लगातार आबादी और खेतों की ओर बढ़ रही है। समय रहते कटान रोकने के इंतजाम नहीं किए गए तो नुकसान और बढ़ सकता है।