बलरामपुर जिले में सोमवार को सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद शुरू हो गया है। नगर के गोंडा मार्ग स्थित भगवतीगंज मंडी समिति क्रय केंद्र पर जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने कांटे का पूजन व नारियल फोड़कर धान खरीद का शुभारंभ कराया। केंद्र पर पहुंचे पहले किसान अरुण प्रताप को माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत किया। डीएम ने क्रय केंद्र पर किसानों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं का जायजा भी लिया। किसानों को निर्धारित समय पर भुगतान व पारदर्शिता के साथ धान खरीदने का निर्देश दिया। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी गोविंद कुमार उपाध्याय ने बताया कि जिले में 37 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन पांच किसान धान की तौल कराने पहुंचे हैं। इस अवसर पर एसडीएम मनोज कुमार, केंद्र प्रभारी प्रमोद शुक्ल व मधुप आदि मौजूद रहे।