बलरामपुर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी बुधवार को जिले के भ्रमण पर पहुंची। उन्होंने जिला महिला अस्पताल व जिला मेमोरियल अस्पताल का निरीक्षण किया। महिला अस्पताल में प्रसव के नाम पर पांच हजार रुपये लिए जाने व बाहर की दवा लिखने पर उपाध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई। चिकित्सक को फटकार लगाते हुए सीएमएस डॉ. राजकुमार को सुधार के निर्देश दिया। अस्पताल में जन्म लेने वाली कन्या की माताओं को बेबी किट व उपहार देकर सम्मानित किया। कन्या के जन्म पर उत्सव मनाने की बात कही। महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना के बारे में जानकारी देते हुए लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। जिला मेमोरियल अस्पताल के शौचालय में गंदगी व अव्यवस्था मिलने पर भड़क गईं। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन न होने पर चिंता जताई। सीएमएस डॉ. हीरालाल को चिकित्सा व्यवस्था में सुधार कराने की बात कही। कहा कि अस्पताल में जो भी सुविधाएं नहीं है, उसके बारे में स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखा जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुशील सिंह, महिला थाना प्रभारी पूनम यादव आदि मौजूद रहे।