यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाए जाने के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में निकला मार्च चित्त पांडेय चौराहा से शुरू होकर रेलवे स्टेशन, लोहापट्टी, गुदरी बाजार, कासिम बाजार, टाउनहॉल, विशुनीपुर और दवामंडी होते हुए परिवहन मंत्री के आवास तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने यूपीआई शुल्क वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी की। परिवहन मंत्री की अनुपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह को विरोध स्वरूप पूजन सामग्री का गिफ्ट सौंपा। इसके बाद जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि यूपीआई पर शुल्क किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ और आम जनता की जेब पर हमला बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी की आवाज दबेगी तो कांग्रेस उनकी आवाज बनेगी। जनहित के मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं ने यूपीआई शुल्क वापस लेने और पूंजीपतियों की दलाली बंद करने की मांग उठाई। इस मौके पर राजेंद्र चौधरी, संतोष चौबे, सागर सिंह राहुल, सच्चिदानंद तिवारी, सत्य प्रकाश उपाध्याय, रुपेश चौबे, पारसनाथ वर्मा, हीराराम, अरुण कुमार, वंश बहादुर भारती, अमरनाथ राम, बबलू शर्मा आदि मौजूद रहे।