फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: तेंदुए से बेटे को बचाने के लिए चादर में ढककर रातभर बैठी रही मां

मनोज तिवारी। (मिहींपुरवा)। बेटे की चीख सुनकर रुकसाना की नींद खुली तो सामने तेंदुआ खड़ा था। उसने चारपाई पर सो रहे बेटे नूर आलम का सिर जबड़े में दबोच रखा था। रुकसाना बिना अपनी जान की परवाह किए तेंदुए से भिड़ गई। उसने बेटे का पैर पकड़कर शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़े तो तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भागा। कुछ देर बाद वह दोबारा घर के आसपास दिखाई दिया तो रुकसाना ने घायल बेटे को चादर से ढक दिया। चादर को पैर से दबाकर वह पूरी रात उसके पास बैठी रही। उसे डर था कि तेंदुआ फिर लौटकर बेटे पर हमला न कर दे। मां की हिम्मत और तेंदुए की दहशत की यह घटना शनिवार रात बहराइच वन प्रभाग की चकिया रेंज के अडगोड़वा गांव के बालापुर की है। गांव में करीब दो घंटे तक तेंदुआ एक घर से दूसरे घर तक घूमता रहा। इस दौरान उसने चार लोगों को घायल कर दिया। नूर आलम के अलावा लल्लन की बेटी लक्ष्मी, शीला और शमसुद्दीन भी उसके हमले में जख्मी हो गए। अचानक हुए हमलों से गांव में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की सुरक्षा को लेकर डरे ग्रामीण उन्हें सीने से लगाकर घरों में दुबक गए। रातभर किसी ने बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटाई। नूर आलम की मां रुकसाना ने बताया कि रात करीब एक बजे वह बेटे के साथ बरामदे में सो रही थी। तभी तेंदुए ने बेटे का सिर जबड़े में दबोचकर खींचना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पति इसरार और परिवार के अन्य सदस्य दौड़े तो तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भागा। इसके बाद उसने घर से करीब 300 मीटर दूर लक्ष्मी पर हमला किया। फिर शीला और शमसुद्दीन को भी घायल कर दिया। रुकसाना ने बताया कि कुछ देर बाद तेंदुआ फिर घर के आसपास दिखाई दिया। घायल बेटे को देखकर उसे दोबारा हमले का डर सताने लगा। उसने बेटे को चादर से ढक दिया और पूरी रात उसके पास बैठी रही। सुबह होने पर ही उसने राहत की सांस ली। नूर आलम के पिता इसरार ने बताया कि गांव में इससे पहले तेंदुए के हमले की घटना नहीं हुई थी। कैमरा ट्रैप व लाइट लगाने के निर्देश बहराइच वन प्रभाग के डीएफओ सुंदरेशा ने बताया कि घायलों के घर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। हमलावर की पहचान और निगरानी के लिए कैमरा ट्रैप व लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें