कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को बहराइच में नवाबगंज क्षेत्र के जानकी गांव के पास स्थित राप्ती नदी के लक्ष्मणपुर रसोरवा और होलिया घाट पर हजारों की संख्या में भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। इस अवसर पर वहां पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव व सशस्त्र सीमा बल के जवान पुलिस बल के साथ घाटों पर सुरक्षा में मुस्तैद रहे। कार्तिक पूर्णिमा पर एक सप्ताह के मेले के आयोजन के लिए तैयारियां की गई हैं। इस दौरान मेला कमेटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश वर्मा, सुमरन वर्मा, अमरजीत लाल यादव, मुक्ता प्रसाद वर्मा आदि मेलार्थियों व श्रद्धालुओं की देखरेख में लगे रहे।