अयोध्या में रुदौली कोतवाली क्षेत्र के भेलसर और शुजागंज में निर्धारित स्थल से अलग पटाखों की दुकानें लगाने का मामला सामने आया है। भेलसर में पप्पू आरा मशीन के पास और शुजागंज में पक्के तालाब पर छह, सात और आठ नवंबर को पटाखों की दुकानें लगी थीं। दोनों स्थानों पर पुलिस चौकियों से चंद कदमों की दूरी पर बिक्री होने के बावजूद पुलिस की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह और शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने दुकानों के संचालन की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। वहीं, दुकानदार श्याम जायसवाल और सुरेंद्र जायसवाल ने प्रशासन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। दुकानों पर सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी सामने आई। नियमानुसार 200 लीटर पानी का ड्रम रखना अनिवार्य है, जबकि दुकानों के पास एक से दस लीटर क्षमता वाले ड्रम रखे मिले। प्रशासन ने पटाखा बिक्री के लिए केवल करीमपुर स्थित रावण मैदान निर्धारित किया था। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि किसी प्रकार की आगजनी या दूसरी घटना हो जाती तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होती? एसडीएम विनोद गुप्ता ने बताया कि मामले में सीओ से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।