अयोध्या में जमुनियांबाग स्थित पंडित माता प्रसाद त्रिपाठी राज करण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज के गेट से आर्य समाज जमुनियांबाग के 118वें वार्षिकोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में छात्रों के साथ-साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं भी शामिल थीं, जिससे यात्रा की शोभा और बढ़ गई। शोभायात्रा आर्य समाज उद्यान जमुनियांबाग से शुरू होकर घंटाघर, चौक, रिकाबगंज होते हुए सिविल लाइन स्थित गांधी पार्क से वापस उद्यान पार्क में पहुंचकर समाप्त हुई। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। छात्र-छात्राएं हाथों में झंडे और बैनर लिए वैदिक मंत्रों और देशभक्ति के नारे लगाते हुए चल रहे थे। शिक्षक-शिक्षिकाएं भी बच्चों के साथ कतारबद्ध होकर चल रहे थे। इससे पहले वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद लल्लू सिंह और प्रबंधक हिमांशु त्रिपाठी ने सुबह विशेष यज्ञ हवन और ध्वजारोहण के साथ किया। यज्ञ में बड़ी संख्या में आर्य समाज के पदाधिकारी, सदस्य और श्रद्धालु शामिल हुए। वार्षिकोत्सव 25 से 28 नवंबर तक आयोजित होगा। चार दिवसीय कार्यक्रम में यज्ञ, प्रवचन, भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और वैदिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि वार्षिकोत्सव का उद्देश्य वैदिक संस्कृति का प्रचार-प्रसार और समाज में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से विद्वान और संत भी पहुंचेंगे।