अयोध्या: नाका में महीनों से सड़क निर्माण का काम अधूरा होने और जगह-जगह नाला खोदने व पाइप डालने से परेशान व्यापारियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण जाम लग रहा है और ग्राहकों का रुकना मुश्किल हो गया है। इससे उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने बताया कि कई महीने पहले सड़क निर्माण के लिए गड्ढे खोदे गए थे, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो सका है। अधिकारियों और जिम्मेदारों से कई बार शिकायत करने के बाद भी केवल आश्वासन मिल रहा है। बताया गया था कि कुछ दिन में सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। व्यापारियों का आरोप है कि नाला और सड़क की खोदाई के कारण आए दिन वाहन फंस रहे हैं। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। नाका चुंगी से नाका रामनगर तिराहा तक सड़क निर्माण में देरी से लोग परेशान हैं। व्यापारियों ने जल्द काम शुरू नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।